Contact Us

Explore Veena World Travel Stories

  • Travel Inspiration
  • Destination Guides
  • Travel Tips

कुछ नया हो जाए!

13 mins. read
Sunila Patil
Sunila Patil
13 Mins Read
November 27, 2026
November 27, 2026

Quick Summary

टीम कनेक्ट सेशंस में बदलाव की जरूरत पर चर्चा करें और अपने हुनर को अगली पायदान तक ले जाने की योजना बनाएं।

ईमेल और स्क्रीन की जगह आमने-सामने बातचीत के लिए समय निकालें ताकि अनुभव और सुझाव स्वाभाविक रूप से साझा हों।

रूटीन बदलने का सही मौका टालते न रहें, क्योंकि ब्रेक या शेड्यूल आसान होने तक समय अक्सर निकल जाता है।

मौसम के बदलाव को यात्रा प्रेरणा बनाएं, क्योंकि एक ही जगह अलग मौसम में बिल्कुल नया अनुभव देती है।

चेरी ब्लॉसम, पतझड़ के रंग, गर्मियों की शामें और क्रिसमस मार्केट्स जैसे मौसम-आधारित अनुभवों को अपनी ट्रिप में शामिल करें।

ऐसी छुट्टी चुनें जो अलग मूड दे, जैसे कैरिबियन में बीच के साथ क्रूज़, ताकि यात्रा आपकी रफ़्तार से आगे बढ़े।

Published in Navabharat Times 29th November 2026

पिछले ही हफ़्ते हमारे ऑफ़िस की टीम के साथ टीम कनेक्ट सेशंस हुए, और उनमें एक विषय बार-बार सामने आता रहा - बदलाव। हमने बात की कि आज के दौर में प्रासंगिक बने रहने के लिए हम सबको बदलना होगा, और फिर यह भी देखा कि रोज़मर्रा के काम में इसका सही मतलब क्या है। हमें अपने हुनर को अगली पायदान पर ले जाना होगा, अपने मेहमानों की ज़रूरतों को और बेहतर ढंग से समझना होगा, लगातार सीखते रहना होगा और आगे बढ़ते रहना होगा। जो कल अच्छा चल रहा था, उस पर आज शायद थोड़ा फिर से सोचने की ज़रूरत हो, और कभी-कभी जो चीज़ ठीक चल रही हो, उसे भी और बेहतर बनाने का मौका होता है। मुझे सबसे सीधे-सीधे, आमने-सामने मिलने में भी बड़ा मज़ा आया। टेक्नोलॉजी से भरी हमारी दुनिया में इतना कुछ मैसेज, ईमेल और स्क्रीन के ज़रिये होता है कि साथ बैठकर ठीक से बातचीत करना एक सुखद बदलाव जैसा लगा। कोई अपना अनुभव बताता, कोई और उसमें अपना सुझाव जोड़ देता, और चर्चा ऐसी दिशा में मुड़ जाती, जिस ओर शायद ईमेल पर वह कभी जाती ही नहीं। हम बदलाव पर बात करने के लिए जुटे थे, और हमारे जुड़ने के तरीके में आए बदलाव ने भी अपना असर दिखाया।

इससे मैं सोचने लगी कि ज़िंदगी के कुछ हिस्सों में हम बदलाव को कितनी आसानी से अपना लेते हैं, और कुछ में उसका कितना विरोध करते हैं। हम अपने फ़ोन अपग्रेड कर लेते हैं, कोई नया रेस्टोरेंट आज़मा लेते हैं, और जब किसी शहर की स्काईलाइन बदलती है तो उसकी ताऱीफ भी करते हैं। फिर भी हम अक्सर महीनों, कभी-कभी सालों तक एक ही रूटीन पर चलते रहते हैं, यह पूछे बिना कि क्या हमें कुछ अलग की ज़रूरत है। हम खुद से कहते हैं कि काम थोड़ा थमेगा तब ब्रेक लेंगे, या बच्चों का शेड्यूल थोड़ा आसान होगा तब, पर न जाने कैसे, वह सही मौका आगे खिसकता ही जाता है।

कुदरत, किसी सही मौके का इंतज़ार नहीं करती। मौसम बदलते हैं, और जब बदलते हैं तो दुनिया कितनी खूबसूरत लगने लगती है! जिस जगह आप पहले जा चुके हैं, वही जगह बिल्कुल अलग महसूस हो सकती है।

जापान को ही ले लीजिए, जहाँ चेरी ब्लॉसम का नाज़ुक गुलाबी रंग एक तरह का जादू रचता है, तो पतझड़ लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की एक प्यारी-सी रौनक ले आता है। यूरोप में गर्मियों की शाम बाहर बैठकर बिताने का अपना ही मज़ा है, और फिर सर्दियाँ आती हैं जगमगाती खिड़कियों, गर्माहट भरे कैफ़े और क्रिसमस मार्केट्स के साथ। अमेरिका में न्यू इंग्लैंड के पतझड़ी रंग आपको हर कुछ मिनट में रुकने को मजबूर कर सकते हैं, क्योंकि लगता है कि सड़क का अगला मोड़ पिछले से ज़्यादा खूबसूरत तो क्या ही होगा, लेकिन फिर भी अक्सर वो बेहतर होता है।

यहाँ मुंबई में भी हम मौसम का बदलाव महसूस कर सकते हैं, चाहे वह कितनी ही धीमी आहट के साथ क्यों न आए। कोई ऐसी सुबह होती है जब आप बाहर कदम रखते हैं और महसूस करते हैं कि हवा कुछ अलग-सी है, या कोई ऐसी शाम जब अचानक टहलने का मन करने लगता है। हमारी खिड़कियों के बाहर भले ही बर्फ़ न हो लेकिन हम इस बदलाव को पहचान लेते हैं। और इसके साथ ही आता है वह जाना-पहचाना एहसास कि छुट्टियों का मौसम करीब आ रहा है, और शायद अब कैलेंडर को मीटिंग्स के अलावा किसी और नज़र से देखने का वक्त है।

हमारी दुनिया की सबसे अच्छी बात यह है कि कहीं न कहीं, कोई अलग मौसम हमेशा इंतज़ार कर रहा होता है। जब उत्तरी गोलार्ध में सर्दियाँ आती हैं, तब दक्षिणी गोलार्ध में गर्मियाँ शुरू हो जाती हैं। मुझे याद है, मैं ‌‘हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?‌’ देख रही थी और उसमें एक ऐसे शख्स के बारे में सुना, जिसका इरादा था छह महीने उत्तरी गोलार्ध में बिताने का, और सर्दियाँ आते ही दक्षिण की ओर चले जाने का, ताकि वहाँ की गर्मियों का लुत़्फ उठा सके। वह अपने मिलियन का इस्तेमाल इसी तरह करना चाहता था, और मुझे लगा इसने ज़िंदगी की एक बड़ी प्यारी बात समझ ली है!

अब, ज़रूरी नहीं कि हम सबके पास इतने पैसे हों कि मौसम के हिसाब से अपनी ज़िंदगी तय कर सकें, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम उस आज़ादी का थोड़ा-सा मज़ा भी न लें। हम ऐसी छुट्टी चुन सकते हैं, जो हमें अलग मौसम, अलग मूड और दिन बिताने के अलग अंदाज़ में ले जाए। कई बार माहौल का पूरी तरह बदल जाना ही वह चीज़ होती है, जिसकी हमें सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है।

या फिर शायद बदलाव के बारे में आपका ख्याल कैरिबियन की छुट्टी हो, जिसमें बीच में एक क्रूज़ भी शामिल हो। सामान खोलकर, आराम से बस जाना और सफ़र को अपनी रफ़्तार से आगे बढ़ने देना, जबकि समंदर आपके रोज़ के नज़ारे का हिस्सा बन जाए - इसमें कुछ बहुत ही लुभावना है। कोई दिन एक नया आइलैंड लेकर आता है, कोई दिन क्रूज़ पर बिताने के लिए होता है, और कोई शाम घड़ी देखने के बजाय पानी को निहारते हुए गुज़र सकती है। हममें से जिनके दिन अपॉइंटमेंट्स और डेडलाइन्स में बँटे होते हैं, उनके लिए इतना-सा बदलाव भी कमाल की ताज़गी दे सकता है।

ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड दक्षिणी गोलार्ध के मौसम का आनंद लेने का एक और तरीका पेश करते हैं। सिडनी हार्बर के किनारे बिताए पलों के बारे में सोचिए, या न्यूज़ीलैंड की ऐसी छुट्टी के बारे में, जिसमें आप बार-बार खिड़की से बाहर देखते रह जाते हैं, क्योंकि नज़ारे आपको कुछ और करने ही नहीं देते। ऐसी यात्राओं में खुलेपन का एक प्यारा-सा एहसास होता है, और कई बार हमें इसी की कमी खल रही होती है। हमारी ज़िंदगी करने लायक कामों से इतनी भर जाती है कि हम भूल जाते हैं, दिन में थोड़ी-सी खाली जगह छोड़ देना कितना सुकून भरा होता है।

अफ्रीका अपने साथ रफ़्तार और नज़रिये का एक अलग बदलाव लेकर आता है। केन्या या तंजानिया में सफ़ारी पर आपको ये एहसास हो जाता है कि दिन को पूरी तरह अपनी मर्ज़ी के मुताबिक नहीं चलाया जा सकता। आप इंतज़ार करते हैं, देखते हैं, ध्यान देते हैं, और फिर कोई जानवर सामने आ जाता है या कुछ ऐसा होता है, जिससे पूरा इंतज़ार सफल हो जाता है। जिसे हर कुछ मिनट में फ़ोन चेक करने की आदत हो, उसके लिए दूर कहीं क्या हो रहा है, इसमें दिलचस्पी लेना अपने आप में एक बड़ा बदलाव हो सकता है। जब हम खुद को वक्त देते हैं, तो गौर करने लायक कितना कुछ होता है।

और फिर है अंटार्कटिका, एक ऐसा महाद्वीप जो रोज़मर्रा की ज़िंदगी से इतना दूर लगता है कि बहुत-से लोग उसे हमेशा के लिए अपनी ‌‘किसी दिन‌’ वाली लिस्ट में रखे रहते हैं। फरवरी में अंटार्कटिका के लिए हमारा एक टूर भी है, जिससे यह दूर का सपना आप सचमुच अपनी डायरी में लिख सकते हैं। और बर्फ़, समंदर, पेंगुइन्स से भरा एक विशाल नज़ारा देख सकते है।

सातों महाद्वीपों में ऐसी जगहें हैं, जो हमें यह एहसास करवा सकती हैं, लेकिन फ़र्क लाने के लिए छुट्टी का बहुत दूर या बहुत रोमांचक होना ज़रूरी नहीं। क्योंकि हफ़्तों की भागदौड़ के बाद, डेस्टिनेशन चाहे कितना भी रोमांचक क्यों न हो, एक और ठसाठस भरा शेड्यूल शायद ही आपको लुभाए। हो सकता है आप बस कुछ ऐसी सुबहें चाहते हों, जब किसी को फ़ौरन कोई जवाब देने की ज़रूरत न हो, आराम से नाश्ता किया जा सके और अपनी कुर्सी से जल्दी उठने की कोई वजह न हो। यही वजह है कि वेलनेस ब्रेक इतने सारे लोगों के लिए इतने कारगर साबित होते हैं। माहौल बदल जाता है, आसपास सुकून छा जाता है, और धीरे-धीरे आप एक नरम-सी लय में ढलने लगते हैं। कोई ट्रीटमेंट या योग सेशन बेहद सुखद हो सकता है, लेकिन उतनी ही सुखद हो सकती है एक फ़ुर्सत भरी दोपहर, जो पेड़ों को निहारते हुए बीते, और आपका फ़ोन आपके हाथों की पहुँच से दूर कहीं पड़ा हो।

कुदरत के करीब रहना हमें धीमा होने में मदद करता है, खासकर तब, जब हम अपना ज़्यादातर वक्त शहरों में बिताते हैं। आपको पहाड़ पसंद हैं या समुद्र तट, यह पूरी तरह से आप पर है, और मुझे हमेशा लगता है कि अपनी इस पसंद को लेकर ईमानदार रहना चाहिए। अगर समंदर की आवाज़ आपको खुश कर देती है, तो सिर्फ़ इसलिए पहाड़ों पर जाने की ज़रूरत नहीं कि बाकी सब वहाँ जा रहे हैं।

अपनी पसंदीदा तरह की छुट्टी में भी बदलाव की गुंजाइश होती है। अगर बीच ब्रेक का मतलब आमतौर पर गोवा होता है, तो शायद इस बार आप लक्षद्वीप के बारे में सोच सकते हैं। हम अक्सर जानी-पहचानी जगहों पर ही लौट जाते हैं क्योंकि उन्हें चुनना आसान होता है, और इसमें कोई बुराई भी नहीं है। फिर भी, कभी-कभार किसी नई जगह को अपनी पसंदीदा जगह बनने का मौका देना बहुत अच्छा लगता है।

इस साल मैं खुद भी कुछ ऐसा ही कर रही हूँ। नए साल का स्वागत करने मैं थाईलैंड जा रही हूँ, लेकिन इस बार मैंने चियांग माई और चियांग राई को चुना है। थाईलैंड को अक्सर समुद्र तटों से इतना जोड़ा जाता है कि हम भूल जाते हैं, उत्तर में इसका एक और रूप हमारा इंतज़ार कर रहा है। इस बार मेरा मन इसके पहाड़ों की ओर जाने का हुआ, और साल की शुरुआत एक ऐसे अनुभव से करने का, जो आम दिनों से थोड़ा अलग हो।

हालाँकि, कभी-कभी जिस बदलाव की हमें ज़रूरत होती है, उसका ताल्लुक डेस्टिनेशन से जितना होता है, उतना ही हमारे सहयात्रियों से भी होता है। छुट्टियाँ परिवार के साथ बिताया जानेवाला अनमोल वक्त होती हैं, और ये सबको उनके अलग-अलग रूटीन से दूर एकसाथ ले आती हैं। घर पर हम कई-कई दिन घर के कामों, स्कूल, ऑफ़िस और किसे कहाँ पहुँचना है, इन्हीं बातों में बिता देते हैं, जबकि छुट्टियों में अचानक हमारे पास उन बातों के लिए वक्त होता है। साथ बिताए अनुभव हमें बात करने के लिए कुछ नया देते हैं, और ये यादें अक्सर सालों तक परिवार की पसंदीदा यादें बनी रहती हैं।

लेकिन शायद इस बार आपको अपनी सहेलियों, अपनी बहन या अपनी माँ के साथ घूमने में मज़ा आए, या फिर हमारे किसी वीमेंस स्पेशल टूर पर अकेले ही निकल पड़ने में। हर एक का अपना अलग मज़ा है। माँ के साथ छुट्टी आपको रोज़ की मुलाकातों और ज़िम्मेदारियों से आगे बढ़कर साथ वक्त बिताने का मौका देती है, जबकि सहेलियों के साथ सफ़र वह हँसी लौटा सकता है, जो व्यस्त हफ़्तों में कहीं दब जाती है। किसी ग्रुप के साथ अकेले सफ़र करने से आपको नए लोगों से मिलने का मौका भी मिलता है।

बेशक, कहीं घूमने जाने के लिए थोड़ा इंतज़ाम करना पड़ता है, और उसे टालने की वजहें हमेशा मिल जाएँगी। फिर भी, हम इतनी सारी दूसरी चीज़ों के लिए इंतज़ाम कर ही लेते हैं, क्योंकि हम उन्हें ज़रूरी मानते हैं, और एक ब्रेक भी उन प्राथमिकताओं में जगह पाने का हकदार है। अगर आपको लगने लगा है कि हर हफ़्ता पिछले हफ़्ते जैसा ही दिखता है, तो अपनी इस फ़ीलिंग पर ध्यान दीजिए। हो सकता है आप कुछ ऐसे दिनों के लिए तैयार हों, जिनका आप बेसब्री से इंतज़ार कर सकें।

हमारी टीम की चर्चाओं ने मुझे याद दिलाया कि बदलाव के लिए भागीदारी ज़रूरी है। हम सिर्फ़ उसके बारे में बात करके यह उम्मीद नहीं कर सकते कि सब कुछ अपने आप हो जाएगा। छुट्टी लेने के मामले में भी यही सच है, क्योंकि कभी न कभी हमें जगह चुननी ही पड़ती है, इंतज़ाम करने पड़ते हैं, और खुद को जाने की इजाज़त देनी पड़ती है। मौसम बदलते रहेंगे, और काम हमेशा इंतज़ार करता ही मिलेगा, लेकिन कहीं न कहीं कोई पहाड़, कोई समुद्र तट, कोई जीवंत शहर या समंदर का कोई शांत किनारा है, जो आपके लिए बहुत अच्छा साबित हो सकता है। शायद अब यह तय करने का वक्त आ गया है कि इनमें से कौन आपको पुकार रहा है।

Tags:

Post your Comment

Please let us know your thoughts on this story by leaving a comment.

Get in touch with us

Share your details for a call back and subscribe to our newsletter for travel inspiration.

+91

Listen to our Travel Stories

You May also like

View all
इस बार का न्यू इयर बनाइए यादगार! साउथ ईस्ट एशिया
13 mins, read

इस बार का न्यू इयर बनाइए यादगार! साउथ ईस्ट एशिया

Published in Navbharat Times 22nd November 2026 छुट्टीवाला मौसम दिवाली पर हमारे घर को रोशन करनेवाली लाइट्स उतारते हुए और मोमबत्तियों को सहेजकर रखते हुए मन थोड़ा उदास हो गया। जिस त्योहार का साल भर

पत्थरों में छिपी कहानियाँ
13 mins, read

पत्थरों में छिपी कहानियाँ

Published in Navabharat Times 1st November 2026 ...उनके गोल-मटोल चेहरे और बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गएहाव-भाव उनमें अपनापन भर देते थे, खासकर एक आकृति, जिसका मुँह फुलाया हुआ चेहरा मुझे... “तुम सफ़र में बिल्

वियतनाम
13 mins, read

वियतनाम

Published in Navabharat Times 25th October 2026 रंग, संस्कृति और जिज्ञासा का खूबसूरत संगम नए अनुभवों से सजा एक देश वियतनाम में जब मैंने अपनी पहली एग कॉफ़ी ऑर्डर की, तो मन में थोड़ी झिझक थी। अंड

Travel Memories Shared
by 9.9 Lakh+ Travellers

Rated 5.0 16.3K+ reviews10.1L+ Happy guests81.5K+ Tours completed

Veena World tour reviews

What are you waiting for? Chalo Bag Bharo Nikal Pado!