We Just Opened 3 New Branches!
We're Open, now in Vadodara, Kochi & Nungambakkam (Chennai).
India
Toll free
Our Toll Free Numbers:

1800 313 5555

Call us
You can also call us on:

+91 22 2101 7979

+91 22 2101 6969

Foreign Nationals
Foreign Nationals/NRIs travelling

Within India+91 915 200 4511

Outside India+91 887 997 2221

Business Hours

Business hours: 10AM - 7PM

Explore Veena World Travel Stories

  • Travel Inspiration
  • Destination Guides
  • Travel Tips

दो तट, अनगिनत कहानियाँ

14 mins. read
Marketing .
Marketing .
14 Mins Read
August 07, 2026
August 07, 2026

Quick Summary

अहमदाबाद से कोलकाता की उड़ान लेते ही भाषा, माहौल और स्वाद में बड़ा बदलाव महसूस होता है।

गुजराती पल्लू स्टाइल और पारंपरिक बंगाली ड्रेप के फर्क को ध्यान से देखें, ये स्थानीय पहचान बताते हैं।

साबरमती आश्रम, दांडी मार्च और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे गांधी और सरदार पटेल से जुड़े स्थलों को जरूर जोड़ें।

कोलकाता में रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की विरासत को देखें, उनके योगदान को समझें।

अहमदाबाद की पोल, हवेलियाँ और मस्जिदें बनाम कोलकाता का विक्टोरिया मेमोरियल, राइटर्स बिल्डिंग और सेंट पॉल्स कैथेड्रल तुलना के लिए शानदार हैं।

दोनों इलाकों में सूर्य के प्रति श्रद्धा का अनुभव करें, क्योंकि अलग-अलग छोरों पर सूर्य मंदिर मौजूद हैं।

Published in Navbharat Times 9th August 2026

...यहाँ यात्रियों को सफ़ेद नमक मैदानों की जगह पन्ने जैसे

हरे धान के खेत, बलखाती नदियाँ और उपजाऊ डेल्टा

मिलते हैं, जिन्होंने सदियों से सभ्यताओं को पाला-पोसा है...

जैसे ही फ़्लाइट ने उड़ान भरी, मुझे एहसास हुआ कि यह पहली बार था जब मैं भारत को पश्चिम से पूरब की ओर चलते हुए पार कर रही थी। बस कुछ घंटे पहले तक मैं अहमदाबाद में थी, और अब मैं कोलकाता में उतरने की तैयारी कर रही थी।

मुझे सचमुच ऐसा महसूस हुआ, जैसे मैं किसी दूसरे शहर नहीं, बल्कि किसी दूसरे देश में आ गई हूँ, और यकायक मेरा एक हाथ हैंडबैग में चला गया और पासपोर्ट टटोलने लगा, पर अगले ही पल मुझे ख़ुद पर हँसी आ गई। ज़ाहिर है, यहाँ न कोई इमिग्रेशन काउंटर पार करना था, न कोई कस्टम्स क्लियर करने थे, फिर भी मेरे चारों तरफ़ सब कुछ बदल चुका था। साइनबोर्ड्स की भाषा बदल गई थी, बातचीत का लहजा अलग था, सड़क किनारे के ढाबों से आती ख़ुशबुएँ अनजानी थीं, और यहाँ तक कि महिलाओं के साड़ी पहनने का अंदाज़ भी एक बिल्कुल अलग सांस्कृतिक पहचान बता रहा था। गुजराती अंदाज़ में पल्लू को दाहिने कंधे पर रखकर कमर में करीने से खोंसने से लेकर, पारंपरिक बंगाली ड्रेप तक, जहाँ पल्लू पीछे से आता है और अक्सर उसके सिरे पर घर की चाबियों का गुच्छा बंधा होता है - हर बारीकी मानो किसी अलग इलाक़े के अपने रीति-रिवाज़ों और परंपराओं की कहानी सुना रही थी।

अहमदाबाद और कोलकाता के बीच लगभग दो हज़ार किलोमीटर की दूरी है। इनमें से एक अरब सागर की तरफ़ देखता है, तो दूसरा बंगाल की खाड़ी की तरफ़। जब मैंने दोनों की तुलना करनी शुरू की, तो एहसास हुआ कि भले ही ये एक-दूसरे के बिल्कुल उलट नज़र आते हों, पर इनमें हमारी सोच से कहीं ज़्यादा समानताएँ हैं। इनकी कहानियाँ इतिहास, अध्यात्म, वन्यजीवन, वास्तुकला, वस्त्र, खान-पान और सबसे बढ़कर, वहाँ के लोगों की गर्मजोशी के साथ आपस में गुँथी हुई हैं - एक ऐसी गर्मजोशी, जो सफ़र ख़त्म होने के बहुत बाद तक मन पर अपना असर छोड़ जाती है।

सबसे पहली समानता, जिसने मुझे चौंकाया, वो यह थी कि दोनों इलाक़ों ने आधुनिक भारत को कितनी गहराई से गढ़ा है। गुजरात हमेशा से महात्मा गाँधी और सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़ा रहा है। साबरमती नदी के किनारे मौन खड़ा साबरमती आश्रम हमें याद दिलाता है कि दुनिया के कुछ सबसे शक्तिशाली आंदोलनों की शुरुआत बेहद मामूली ढंग से हुई थी। यहीं से गाँधी जी ने 1930 में ऐतिहासिक दांडी मार्च की शुरुआत की थी, साथ में बस इतना भरोसा लेकर, कि अहिंसक प्रतिरोध एक विशाल साम्राज्य को भी चुनौती दे सकता है। यहाँ से कुछ ही घंटों की दूरी पर, नर्मदा नदी पर खड़ी है स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी, जो दुनिया की सबसे ऊँची प्रतिमा है। और सरदार पटेल को समर्पित है, सरदार पटेल वो व्यक्ति थे, जिनकी सूझबूझ ने आज़ादी के बाद 560 से ज़्यादा रियासतों को एक राष्ट्र में पिरोया था।

जब हम पूरब की ओर चलते हैं, तो इतिहास हमारे सामने उतने ही शानदार दूरदर्शियों के माध्यम से आ खड़ा होता है। कोलकाता का नाम रवींद्रनाथ टैगोर के बिना अधूरा रहता है, जिनकी कविता, संगीत और दर्शन आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रहे हैं, और ऐसी ही एक और शख्सियत हैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस, जिनकी हिम्मत और दृढ़ संकल्प ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को एक बिल्कुल अलग आवाज़ दी थी। उनके तरीके गाँधी जी से भले अलग रहे हों, मगर सपना तो एक ही था।

इनकी नदियों ने भी खामोशी से इतिहास को बनते देखा है। साबरमती भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का पर्याय बन गई, वहीं गंगा की एक बड़ी सहायक धारा हुगली ने कोलकाता को एक ऐसे दरवाज़े में बदल दिया, जहाँ से व्यापारियों, खोजी यात्रियों और आखिरकार ब्रिटिश साम्राज्य ने पूर्वी भारत में कदम रखा।

इन दोनों इलाक़ों की वास्तुकलाएँ भी हमें दिलचस्प कहानियाँ सुनाती है। अहमदाबाद को गर्व से भारत की पहली यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी होने का दर्जा मिला है, जहाँ सदियों पुराने पोल, बारीक नक्काशी वाली लकड़ी की हवेलियाँ और शानदार मस्जिदें, दुनिया के कुछ सबसे बड़े आधुनिक वास्तुकारों की डिज़ाइन की गई इमारतों के साथ बख़ूबी साथ निभाती हैं। इसके उलट कोलकाता अपने औपनिवेशिक अतीत को एक ख़ामोश ऩफासत के साथ ओढ़े हुए है। विक्टोरिया मेमोरियल, राइटर्स बिल्डिंग, सेंट पॉल्स कैथेड्रल और मैदान के इर्द-गिर्द फैले भव्य रास्ते आज भी शहर के ब्रिटिश भारत की राजधानी होने के दिनों की झलक देते हैं, जबकि इसकी तंग गलियाँ अपने आँगन और बेमिसाल ख़ूबसूरती के साथ पुराने बंगाली घरों को सँजोए हुए हैं।

शायद दोनों इलाक़ों के बीच सबसे अनोखी समानता है - सूर्य के प्रति इनकी श्रद्धा। बहुत कम यात्रियों को यह पता है कि भारत के दो सबसे बड़े सूर्य मंदिर देश के दो अलग-अलग छोरों पर खड़े हैं। गुजरात का ग्यारहवीं सदी का मोढ़ेरा सूर्य मंदिर इस तरह बनाया गया था कि विषुव के दिन (जब रात और दिन बराबर होते हैं) सूरज की पहली किरणें सीधे इसके गर्भगृह को प्रकाशित करती हैं, वहीं कोलकाता से आसानी से पहुँचा जा सकने वाला ओडिशा का भव्य कोणार्क सूर्य मंदिर सूर्यदेव के एक विशाल पत्थर के रथ के रूप में गढ़ा गया है, जिसके चौबीस बारीक नक्काशीदार पहिए विशाल सूर्यघड़ी की तरह भी काम करते हैं। लगभग पंद्रह सौ किलोमीटर दूर होने के बावजूद, ये दोनों वास्तुशिल्प के नायाब नमूने बताते हैं कि प्राचीन भारत ने खगोलशास्त्र, अध्यात्म और कला को कितनी ख़ूबसूरती से एक-दूसरे में पिरोया था।

अहमदाबाद और कोलकाता महज़ मंज़िलें नहीं हैं, बल्कि ये उन यात्राओं की शुरुआत हैं, जो देखने वालों को भारत के दो बिल्कुल अलग चेहरे दिखाते हैं। एक आपको नमक के रेगिस्तानों, घास के मैदानों और सूखे जंगलों की तरफ़ ले जाता है, तो दूसरा मैंग्रोव के दलदलों, उपजाऊ नदी मैदानों और पूरब की हरी-भरी हरियाली से रूबरू कराता है।

वन्यजीवन शायद दोनों इलाक़ों के बीच सबसे नाटकीय फ़र्क पेश करता है। गुजरात दुनिया के आख़िरी जंगली एशियाई शेरों का घर है, जिससे गिर नेशनल पार्क धरती की वो इकलौती जगह बन जाता है, जहाँ ये शानदार प्राणी आज़ादी से घूमते हैं। यह वन्य जीव संरक्षण की कामयाबी की एक बेमिसाल कहानी है। दुसरी तरफ़ बंगाल सुंदरबन के मायावी रॉयल बंगाल टाइगर के राज में है, जो दुनिया का सबसे बड़ा और ऐसा मैंग्रोव जंगल है, जहाँ नदियाँ, जंगल और समंदर मिलकर ज्वारीय नालों की एक बदलती-सी भूलभुलैया बनाते हैं। एक ओर जहाँ गिर के शेर अक्सर खुले में आराम फ़रमाते नज़र आ जाते हैं, वहीं सुंदरबन के बाघ छुपने की कला में माहिर होते हैं। वे जलधाराओं में तैरते और घने मैंग्रोव में ग़ायब होते रहते हैं। एक सफ़ारी धूल भरे जंगली रास्तों पर होती है, तो दूसरी घुमावदार नालों से होकर ख़ामोशी से गुज़रती नाव पर।

अहमदाबाद और कोलकाता से आगे के नज़ारे हर मोड़ पर चौंकाते रहते हैं। जब हम अहमदाबाद से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हैं, तो उपजाऊ मैदान धीरे-धीरे कच्छ के महान रण के अजीबोग़रीब सफ़ेद विस्तार में बदल जाते हैं। क्षितिज तक फैला यह विशाल नमक का रेगिस्तान दुनिया के सबसे बड़े रेगिस्तानों में से एक है, और सर्दियों में यह एक जादुई नज़ारे में तब्दील हो जाता है, जहाँ चाँदनी सफ़ेद ज़मीन पर परावर्तित होकर एक ख़्वाबों जैसा माहौल रच देती है। हर साल होने वाला रण उत्सव न सिर्फ़ इस बेमिसाल नज़ारे की ख़ूबसूरती का जश्न मनाता है, बल्कि यह कच्छ की समृद्ध परंपराओं का एक उत्सव भी बन जाता है, जहाँ रंग-बिरंगी कढ़ाई, लोक संगीत, ऊँटों के काफ़िले और रेगिस्तान की मेहमाननवाज़ी मिलकर एक ऐसा जश्न रचते हैं, जिसकी कोई मिसाल नहीं मिलती।

पूरब भी हमारे सामने उतना ही नाटकीय बदलाव पेश करता है। यहाँ यात्रियों को सफ़ेद नमक मैदानों की जगह पन्ने जैसे हरे धान के खेत, बलखाती नदियाँ और उपजाऊ डेल्टा मिलते हैं, जिन्होंने सदियों से सभ्यताओं को पाला-पोसा है। कोलकाता से आगे ओडिशा की ओर बढ़ते जाइए और समुद्र तट बंगाल की खाड़ी की लहरों से धुले सुनहरे समुद्र तटों की लंबी पट्टियाँ दिखाने लगता है। कोणार्क के पास चंद्रभागा बीच उन चंद जगहों में से एक है जहाँ सूर्योदय से पहले जागना अपने-आप में एक इनाम बन जाता है। सूरज की पहली किरणों को पूर्वी क्षितिज पर पड़ते हुए देखना, गुजरात के पश्चिमी तट पर अरब सागर में डूबते सूरज को देखने से बिल्कुल अलग अनुभव है।

इनकी कलात्मक परंपराएँ भी उतनी ही अलग हैं। गुजरात के वस्त्र बेबाक और जीवंत हैं - पाटन की मेहनत से बुनी पटोला और रंग-बिरंगी बाँधनी से लेकर अजरख के ब्लॉक प्रिंट्स और कच्छ के शीशे के काम तक। बंगाल, इसके उलट, अपनी नफ़ासत को बालूचरी साड़ियों की बारीक कहानी, जामदानी की हल्की-सी ख़ूबसूरती और कांथा कढ़ाई की सादगी भरी शान के माध्यम से व्यक्त करता है।

दोनों की तुलनाओं में स्वाभाविक है कि इनका खान-पान भी एक दिलचस्प तुलना बन जाता है। जहाँ गुजरात शाकाहारी खाने की समृद्धि का उत्सव मनाता है, वहीं बंगाल अपनी नदियों और समंदर की भरमार का। एक गुजराती थाली अपने आप में एक दावत है - तरह-तरह की सब्ज़ियाँ, फ़रसाण, दाल, कढ़ी, रोटियाँ, चावल, अचार और मिठाइयाँ, सब मिलकर मीठे, खट्टे और तीखे स्वाद का एक बेहतरीन संतुलन बनाते हैं।

बंगाल में मछली रोज़मर्रा की ज़िंदगी में रची-बसी है। चाहे नाज़ुक हिल्सा हो, मीठे पानी के झींगे हों या रोज़ की रोहू - हर पकवान पीढ़ियों की पाक-कला की नफ़ासत को दिखाता है। सरसों, खसखस और ख़ुशबूदार मसाले बंगाली खाने को उसका अलग मिज़ाज देते हैं, वहीं भोजन में मिठाइयों का भी उतना ही अहम स्थान है। भले रसगुल्ला दुनियाभर में मशहूर हो चुका हो, लेकिन जिसने भी ताज़ा मिष्टी दोई, सर्दियों में नोलेन गुड़ का साँदेश, या ताज़ा बनी छन्ने की मिठाइयों का नाज़ुक स्वाद चखा है, वो जानता है कि बंगाल की पाक-विरासत उसकी सबसे मशहूर मिठाइयों से कहीं आगे तक फैली हुई है।

त्यौहार शायद इन दोनों बेमिसाल इलाक़ों की भावनाओं को सबसे बेहतर ढंग से बयाँ करते हैं। नवरात्रि के दौरान गुजरात जाइए, तो आपको वो नज़ारा दिखेगा जिसे अक्सर दुनिया का सबसे बड़ा नृत्य महोत्सव कहा जाता है। नौ रातों तक, शहर और गाँव के जगमगाते पांडाल गरबा और डांडिया से गूँज उठते हैं। इस मौके पर हज़ारों लोग रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में देर रात तक नाचते हैं। दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल जाइए, तो एक उतना ही शानदार जश्न मिलता है, बस यहाँ अभिव्यक्ति नृत्य के बजाय कला के माध्यम से होती है। कोलकाता हज़ारों ख़ूबसूरती से सजे पंडालों के साथ एक विशाल खुली आर्ट गैलरी में बदल जाता है, वहीं कुम्हारटुली के कारीगर गंगा के किनारों से जुटाई गई मिट्टी से माँ दुर्गा की शानदार मूर्तियाँ गढ़ने में महीनों बिता देते हैं। एक जश्न ताल के ज़रिए मनता है, दूसरा रचनात्मकता के माध्यम से, फिर भी दोनों पूरे समुदाय को बेमिसाल जज़्बे के साथ एक साथ ले आते हैं।

अध्यात्म भी दोनों सफ़रों का एक अहम हिस्सा है। गुजरात के पवित्र सर्किट में शामिल हैं द्वारका, भगवान कृष्ण का पौराणिक राज्य, और सोमनाथ, एक ऐसा मंदिर जो सदियों के विध्वंस और पुनर्निर्माण के बीच लचीलेपन की मिसाल बनकर खड़ा रहा है। वहीं पूर्वी दरवाज़ा आपको ले जाता है भुवनेश्वर, जो भारत की मंदिरों की नगरी है। साथ ही पुरी के भव्य जगन्नाथ मंदिर और अचंभित करने वाले कोणार्क सूर्य मंदिर तक, वहीं धौली शांति स्तूप ख़ामोशी से सम्राट अशोक की उस कहानी को कहता है, जब कलिंग युद्ध के बाद वो एक विजेता से शांति के दूत में बदल गए थे।

दोनों शहर यात्रियों को और आगे बढ़ने के लिए भी उकसाते हैं। अहमदाबाद कच्छ के सफ़ेद रेगिस्तान, गिर नेशनल पार्क, स्टैच्यू ऑ़फ यूनिटी, पाटन, मोढ़ेरा और पड़ोसी राजस्थान - उदयपुर और माउंट आबू - तक का दरवाज़ा खोलता है, जो यहाँ से आसानी से पहुँचा जा सकता है। कोलकाता, दूसरी तरफ़, स्वाभाविक रूप से शांतिनिकेतन, सुंदरबन, ओडिशा के वास्तुशिल्प ख़ज़ानों और आगे भारत के उत्तर-पूर्व के मनमोहक नज़ारों तक ले जाता है।

लोग अक्सर कहते हैं कि पूरब और पश्चिम में ज़मीन-आसमान का फ़र्क है, और अहमदाबाद से कोलकाता तक का सफ़र तय करने के बाद मुझे एहसास हुआ कि यह सच भी है। लेकिन फ़िर भी दोनों मिलकर एक ही ढंग से भारत के कई रंग पेश करते हैं। एक अरब सागर में सूरज को डूबते देखता है, तो दूसरा बंगाल की खाड़ी में उसका स्वागत करता है। एक एशियाई शेर का घर है, तो दूसरा रॉयल बंगाल टाइगर का। एक नवरात्रि में नाचता है, तो दूसरा दुर्गा पूजा मनाता है। ये दोनों साथ मिलकर हमें याद दिलाते हैं कि शायद सबसे बड़ा सफ़र महाद्वीपों के पार नहीं, बल्कि अपने ही देश के भीतर होता है।

गुजराती आतिथ्य-सत्कार की यादें और ताज़ा बंगाली मिठाइयों का एक डिब्बा लिए जब मैं अपने घर वापस ले चलने वाली फ़्लाइट में बैठी, तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने सिर्फ़ भारत को पश्चिम से पूरब तक पार नहीं किया है, बल्कि मैंने एक असाधारण राष्ट्र की कई पहचानों का सफ़र भी तय किया है, तो आप बताइए, आप इनमें से पहले किसे अनुभव करना पसंद करेंगे?

Tags:

Post your Comment

Please let us know your thoughts on this story by leaving a comment.

Get in touch with us

Share your details for a call back and subscribe to our newsletter for travel inspiration.

+91

Listen to our Travel Stories

You May also like

View all
वेस्टर्न यूरोप
14 mins, read

वेस्टर्न यूरोप

Published in Navbharat Times 2nd August 2026 एक बार... फिर बार-बार यूरोप! कुछ दिनों पहले भारत में स्विट्ज़रलैंड टूरिज़्म के मैनेजर के साथ मेरी गपशप हो रही थी। बातों-बातों में उन्होंने भारत की अपनी

पहली उड़ान वाला एहसास
14 mins, read

पहली उड़ान वाला एहसास

Published in Nava Bharat Times. 17th May, 2026 हर परिवार के लिए, और परिवार के हर सदस्य के लिए! हाल ही में सिंगापुर की यात्रा के दौरान बोर्डिंग गेट पर बैठी थी, तभी अचानक मुझे अपनी पहली इंटरनेशनल

ऑस्ट्रेलिया खुशियों भरी यादों का नया सफर... वीणा वर्ल्ड के साथ!
14 mins, read

ऑस्ट्रेलिया खुशियों भरी यादों का नया सफर... वीणा वर्ल्ड के साथ!

Published in Navbharat Times on 10th May, 2026 यहाँ जिंदगी थोड़ी मुस्कुराती है कहते हैं, क्वोका दुनिया का सबसे खुश रहने वाला जानवर है। और जिस पल मैं वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के रॉटनेस्ट आइलैंड पर उसक

Veena World tour reviews

What are you waiting for? Chalo Bag Bharo Nikal Pado!